Dehradun: बीजेपी पार्षद के घर हुई लूट! नौकर ने दिया चोरी को अंजाम

Dehradun: विजय पार्क में पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट की घटना की जांच में पुलिस को कई अहम इनपुट मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात अचानक नहीं हुई, बल्कि इसकी पहले से योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, घर में करीब 20 दिन से काम कर रहा नौकर भरत इस पूरी साजिश का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
खाने में मिलाया नशीला पदार्थ, फिर साथियों को बुलाया (Dehradun)
जांच के मुताबिक मंगलवार रात करीब साढ़े नौ से 10 बजे के बीच परिवार के सदस्यों ने खाना खाया। इसके कुछ देर बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम गहरी नींद में चले गए। पुलिस को आशंका है कि खाने में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खाने में कौन सा पदार्थ मिलाया गया था।
पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों के बेसुध होने के बाद भरत ने अपने साथियों को घर के अंदर बुलाया। आरोपी अपने साथ सब्बल और रॉड जैसे औजार भी लेकर पहुंचे थे।
लॉकर तोड़कर गहने, नकदी और पिस्टल ले गए
रात करीब 1:20 बजे महिपाल सिंह की नींद खटपट की आवाज से खुली। उन्होंने घर के अंदर भरत के अलावा दो अन्य लोगों को देखा। पूछने पर भरत ने उन्हें सो जाने और खुद काम करने की बात कही। नशे के असर के चलते महिपाल दोबारा सो गए।
यह भी पढ़ें: Haridwar: सड़क मरम्मत में देरी पर DM नाराज, ठेकेदार को लगाई फटकार
इसके बाद आरोपियों ने घर में सामान खंगाला और लॉकर तोड़कर गहने, नकदी और लाइसेंसी पिस्टल लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी में पांच लोग भागते दिखे (Dehradun News)
पुलिस को वारदात में आरोपियों की तैयारी से अहम सुराग मिले हैं। जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने परिवार की दिनचर्या और घर की स्थिति की जानकारी पहले से जुटाई थी। सीसीटीवी फुटेज में वारदात के बाद पांच लोग घर से निकलकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
