Haridwar News: हरिद्वार में धूमधाम से मना उत्तराखंड का 26वां स्थापना दिवस

Haridwar News: उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर हरिद्वार में जिला स्तरीय समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों और विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष को किया याद (Haridwar News)
कार्यक्रम में गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना। इस दौरान राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को पटका और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में पहले स्थान पर
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। हरिद्वार में इसके तहत एक लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: पटाखों के धुएं ने बढ़ाया वायु प्रदूषण! पीएम-10 के स्तर में उछाल
उन्होंने बताया कि नीति आयोग की जुलाई 2022 की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जिलों में पहला स्थान हासिल किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन और कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन पर तीन करोड़ रुपये भी प्राप्त हुए।

कुंभ-2027 की तैयारियों पर भी दिया जोर (Uttarakhand Sthapna Diwas)
आगामी कुंभ मेला-2027 को लेकर प्रभारी मंत्री ने बताया कि रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर और गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं पर काम किया जा रहा है। वहीं ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विस्तार के लिए योग, ध्यान, आयुर्वेद, ज्योतिष और ललित कला केंद्र विकसित करने की योजना है।
23 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
जनपद की विकास उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। करीब 1.37 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है और 10.40 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों के दौरान नंदा गौरा योजना से 32,825 बालिकाएं लाभान्वित हुई हैं। वहीं, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इसके अलावा जनपद में 1,500 सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित (Haridwar News Today)
समारोह में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सौर ऊर्जा और सहकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।
इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए। मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।
