Haridwar: सोशल मीडिया पर बेटियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया

राजनीतिहरिद्वार

Haridwar: सोशल मीडिया पर दलित समाज की बेटियों के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रोशनाबाद गांव के कुछ युवकों पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में सिडकुल पुलिस पहले ही मुकदमा दर्ज कर चुकी है। अब आरोपियों के समर्थन में सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट प्रसारित होने को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में शिकायती पत्र देकर आगे की कार्रवाई की मांग की गई।

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल (Haridwar)

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव वरुण बालियान ने आरोप लगाया कि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के समर्थन में लगातार पोस्ट वायरल होने से सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है।

बालियान ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक के करीबी परिवार से आरोपित युवकों के जुड़े होने के कारण पुलिस कार्रवाई करने में संकोच कर रही है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल दलित समाज की बेटियों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी भी समाज की बेटियों के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सर्वसमाज से एकजुट होने की अपील

वरुण बालियान ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर आरोपियों का समर्थन करना चिंताजनक है। इससे दो समुदायों के बीच दूरियां बढ़ने की आशंका है। उन्होंने मांग की कि आरोपी युवकों के समाज के लोग भी सामने आएं और सर्वसमाज के बीच इस प्रकरण का कानूनी एवं पंचायती स्तर पर समाधान निकाला जाए। साथ ही बेटियों के सम्मान के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों का सामाजिक बहिष्कार करने की बात कही।

यह भी पढ़ें: Rishikesh: दीपावली मनाने ऋषिकेश पहुंचीं नेहा कक्कड़

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी (Haridwar News)

पूर्व पार्षद इसरार सलमानी और अनुसूचित विभाग के जिला महानगर अध्यक्ष तीरथपाल रवि ने कहा कि दलित समाज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं, पार्षद सुनील कुमार और अमरदीप रोशन ने कहा कि समाज की बेटियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय पुलिस की ओर से जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

शिकायती पत्र देने वालों में सौरभ नौटियाल, अयान सैफी, तुषार चौधरी, निसार, अज्जू दिवाकर, दुष्यंत कुमार, पंकज भास्कर सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media