Chardham Yatra: चारधाम की तर्ज पर अब शीतकालीन यात्रा में भी होगा पंजीकरण

Chardham Yatra: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बाद अब शीतकालीन यात्रा को भी व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार शीतकालीन यात्रा के लिए भी चारधाम यात्रा की तर्ज पर पंजीकरण व्यवस्था लागू करने पर विचार कर रही है। इसके जरिए यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी पर्यटन विभाग और प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगी। साथ ही शीतकालीन यात्रा से जुड़ा व्यवस्थित डाटा भी तैयार किया जा सकेगा।

कपाट बंद होने के बाद प्रवास स्थलों पर होंगे दर्शन (Chardham Yatra)
चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो चुके हैं। अब 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा छह महीने के लिए स्थगित हो जाएगी। हालांकि, सर्दियों में भी श्रद्धालुओं के लिए चारों धामों से जुड़े शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन और पूजा-अर्चना की व्यवस्था रहती है।
शीतकाल में बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। गंगोत्री धाम की पूजा मुखबा और यमुनोत्री धाम की पूजा खरसाली में होती है। वहीं, बदरीविशाल के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर और उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में की जाती है।
प्रधानमंत्री की पहल पर शुरू हुई थी शीतकालीन यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद से सरकार प्रदेश में सर्दियों के दौरान धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: Haridwar: हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर सड़क हादसे में तीन साल के मासूम की मौत
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे। वहीं, वर्ष 2025 में भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां पहुंचे।
सुरक्षा के लिहाज से जुटाई जाएगी यात्रियों की जानकारी (Chardham Yatra News)
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, चारधाम यात्रा के बाद अब प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने की योजना है। इसके लिए पंजीकरण व्यवस्था विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, शीतकालीन यात्रा में चारधाम यात्रा के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या कम रहती है। ऐसे में पंजीकरण को अनिवार्य करने की योजना नहीं है।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी उपलब्ध रखना और सुरक्षा की दृष्टि से उनका डाटा तैयार करना है। इससे शीतकालीन यात्रा के संचालन और भविष्य की योजनाओं को बेहतर बनाने में भी मदद मिल सकती है।
