Nainital: कैंची धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार गहरी खाई में गिरी, एक की मौत

Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंची धाम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। बुधवार देर रात श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर निगलाट के पास गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

देर रात अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार (Nainital)
जानकारी के अनुसार, बरेली निवासी पांच युवक कार से कैंची धाम में दर्शन करने के लिए आए थे। बुधवार देर रात करीब एक बजे उनकी कार कैंची धाम के नजदीक निगलाट क्षेत्र में पहुंची। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: Rishikesh: बुलेट सवार युवक पर जंगली हाथी का जानलेवा हमला
पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय सिंह और कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी कार सवारों को बाहर निकाला।
एक युवक की मौत, चार को हायर सेंटर रेफर (Nainital News)
इस हादसे में संदीप शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी मनकापुर, थाना भुता, बरेली की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, घायलों में वाहन चालक अनुज तिवारी (29) पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी निवासी शेखरपुर, बरेली, सनी (23) पुत्र तेजराम निवासी मनकापुर, भुता, रवि पुत्र दिवेश मौर्य और संचित तिवारी (26) पुत्र डॉ. रत्न नारायण तिवारी निवासी शेखरपुर, भुता शामिल हैं।
सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कैंची धाम दर्शन के लिए निकले युवकों के साथ हुए इस हादसे से उनके परिवारों में शोक का माहौल है।
