Uttarakhand: चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस! एकता ही संगठन की ताकत- कुमारी शैलजा

नैनीतालराजनीति

Uttarakhand: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बागेश्वर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भराड़ी रोड स्थित एक होटल के सभागार में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष अर्जुन चंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। बैठक में जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कुमारी शैलजा बोलीं- एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत (Uttarakhand)

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं से लेकर जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं तक सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है। अब पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर कांग्रेस के प्रति विश्वास मजबूत करें।

बेरोजगारी, पलायन और पेपर लीक को लेकर भाजपा पर हमला

कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, पलायन, स्कूलों के बंद होने, पेपर लीक और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने चिकित्सकों की कमी और सड़कों के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा।

उन्होंने जमीनों, खनन और सरकारी फैसलों में अधिकारों के केंद्रीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के संसाधनों की सुरक्षा के बजाय उनका दुरुपयोग किया गया है।

यह भी पढ़ें: Haridwar: गंगा स्वच्छता की तकनीक समझने हरिद्वार पहुंचे DBS ग्लोबल यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी

अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार के साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया तथा आरोपितों से जुड़े लोगों को बचाने के प्रयास हुए।

ओपीएस लागू करने और श्वेत पत्र लाने का वादा (Uttarakhand News)

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये देने जैसी घोषणाएं कर रही है, जबकि पिछले दस वर्षों में महिलाओं की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने पर हिमाचल प्रदेश और राजस्थान की तर्ज पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू की जाएगी। साथ ही मौजूदा सरकार के कार्यकाल का श्वेत पत्र जारी कर सरकारी खर्च और कामकाज का पूरा हिसाब जनता के सामने रखने की बात कही।

सम्मेलन के जरिए कांग्रेस नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को एकजुट करने और बागेश्वर की दोनों सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं के सामने रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media