Nainital News: सुबह मवेशियों के साथ जंगल गई महिला का मिला शव
Nainital News: उत्तराखंड के अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे से सटे गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे से सटे औलिया गांव की एक महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। महिला सुबह मवेशियों को चराने के लिए जंगल गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद महिला का शव लगभग 150 मीटर गहरी खाई में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
सुबह मवेशियों के साथ जंगल गई थी महिला (Nainital News)
जानकारी के अनुसार, औलिया गांव निवासी बचुली देवी (48 वर्ष) गुरुवार सुबह अपने मवेशियों को लेकर गांव से लगे जंगल की ओर गई थीं। दोपहर के समय उनके पति गोधन सिंह काम से घर लौटे, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी पत्नी घर नहीं पहुंची।
पत्नी के वापस न लौटने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी और सभी ने मिलकर आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में तलाश शुरू की।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF और प्रशासन की टीम
महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की छड़ा इकाई और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
काफी देर तक तलाश के बाद महिला लगभग 150 मीटर गहरी खाई में अचेत अवस्था में दिखाई दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
दुर्गम रास्ते और तीखी चट्टानों के बीच चला रेस्क्यू अभियान
खाई तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण था। तीखी चट्टानों और फिसलन भरे रास्तों के बीच एसडीआरएफ के जवान सावधानीपूर्वक नीचे उतरे। हालांकि जब तक टीम महिला तक पहुंची, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत करते हुए शव को खाई से बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
यह भी पढ़ें: Khatima: थारु जनजाति समाज के सात परिवारों ने की घर वापसी
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव (Nainital News Today)
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
महिला की असामयिक मौत से पूरे औलिया गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया और परिवार को सांत्वना दी।
रेस्क्यू अभियान में ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ के एएसआई महिपाल सिंह, प्रदीप पंवार, गणेश मेहरा, कमल जोशी, अमित टम्टा, नवीन पांडेय, गजेंद्र सिंह सहित प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

