Haridwar: चुनाव से पहले पुलिस अलर्ट, अराजक तत्वों और नशा तस्करों पर सख्ती के निर्देश

Haridwar: हरिद्वार में आगामी चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस बैठक में अक्टूबर माह के दौरान जिले में हुए अपराधों, उनके खुलासे और लंबित मामलों की स्थिति पर चर्चा की गई।

सैनिक सम्मेलन के समापन के बाद आयोजित इस गोष्ठी में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात अभय कुमार सिंह, एसपी सिटी दीपक कुमार समेत सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
अराजक तत्वों और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव से पहले कानून व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले तत्वों के खिलाफ समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। इसके लिए 107/116 और 151 के तहत कार्रवाई में सक्रियता बरतने को कहा गया। साथ ही लाइसेंसी हथियार जमा कराने की प्रक्रिया समय से पूरी करने और अवैध हथियारों की सप्लाई व इस्तेमाल पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें: DM Mayur Dixit ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ
उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी सख्ती बरतने को कहा। इसके अलावा सत्यापन अभियान में तेजी लाने और शराब समेत अन्य नशे का सेवन कर सार्वजनिक माहौल खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नशा तस्करों की संपत्ति पर भी होगी कार्रवाई
अपराध गोष्ठी में नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया पर भी ध्यान दिया जाए।
लंबित मामलों और महिला अपराधों पर विशेष जोर
एसएसपी ने हत्या समेत कुछ गंभीर आपराधिक मामलों के लंबित खुलासों पर नाराजगी जताते हुए एसपी सिटी और एसपी देहात को संबंधित जांच टीमों की निगरानी कर जल्द खुलासे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, लंबित विवेचनाओं का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने और क्षेत्राधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला एवं बाल अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने चेतावनी दी कि विवेचनाओं में अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
