Haridwar: हरिद्वार शहर पेयजल व्यवस्था को किया जा रहा मजबूत

Haridwar: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ हरिद्वार शहर की पेयजल व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। कुंभ के दौरान बढ़ने वाली पानी की मांग को पूरा करने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर और भरोसेमंद जलापूर्ति उपलब्ध कराने के लिए जल वितरण नेटवर्क को सुदृढ़ किया जा रहा है।
9.69 करोड़ रुपये से पेयजल नेटवर्क का विस्तार (Haridwar)
हरिद्वार नगर में जल संस्थान के माध्यम से करीब 9.69 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें 5.61 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 9.5 किलोमीटर नई पेयजल लाइनें बिछाने और पुरानी लाइनों को बदलने का काम शामिल है।
सप्त ऋषि रोड, दूधाधारी चौक से शांतिकुंज, ब्रह्मपुरी-मनसा देवी मार्ग, बिल्केश्वर कॉलोनी और कनखल में बंगाली हॉस्पिटल से कनखल थाना क्षेत्र तक पेयजल लाइनों का काम चल रहा है।
पंपिंग योजनाओं का भी हो रहा सुदृढ़ीकरण
भूपतवाला पावन धाम पंपिंग पेयजल आपूर्ति योजना का पुनर्गठन पूरा हो चुका है। वहीं प्राथमिक विद्यालय और श्यामलोक पंपिंग पेयजल आपूर्ति योजना का काम अंतिम चरण में है। पाइपलाइनों के प्रतिस्थापन और नई वितरण लाइनें बिछाने का कार्य भी जारी है।
यह भी पढ़ें: Haridwar: बहादराबाद में आयुष चिकित्सा सेवा विस्तार की महत्वपूर्ण पहल
कुंभ क्षेत्र में 35 योजनाओं पर काम
कुंभ मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पेयजल मांग को पूरा करने के लिए 35 योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इन योजनाओं के लिए 29.39 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। बैरागी कैंप में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक और दो ट्यूबवेल का निर्माण अंतिम चरण में है।
लालजीवाला, दक्षद्वीप, गौरीशंकर और पंतद्वीप में पांच आरसीसी इंफिल्ट्रेशन वेल तथा दक्षद्वीप, बजरीवाला, सतीद्वीप और बीएचईएल क्षेत्र में पांच ट्यूबवेल का निर्माण भी जारी है।
समय पर पूरा करने पर जोर (Haridwar News)
मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर इन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। लक्ष्य है कि कुंभ मेला 2027 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ी पानी की जरूरत पूरी होने के साथ हरिद्वार के स्थानीय नागरिकों को भी भविष्य में बेहतर पेयजल आपूर्ति मिल सके।
