Haridwar: तड़के 4 बजे परिवहन विभाग ने शुरू किया विशेष चेकिंग अभियान

हरिद्वार

Haridwar: यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार में परिवहन विभाग ने स्लीपर और लक्जरी बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर शुक्रवार तड़के 4:00 बजे शुरू हुए इस अभियान में 50 से ज्यादा वाहनों के चालान किए गए। जबकि पांच बसों को सीज कर दिया गया। गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर पांच बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।

बसों की संरचना से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक जांच (Haridwar)

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के मुताबिक, अभियान का नेतृत्व एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने किया। इसमें संभागीय निरीक्षक प्राविधिक आनंद वर्धन भी शामिल रहे। टीम ने बसों की तकनीकी स्थिति, स्वीकृत संरचना, परमिट और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की।

जिसके दौरान कुछ वाहनों में स्वीकृत संरचना के विपरीत बदलाव, परमिट की शर्तों का उल्लंघन और पर्यटक वाहनों का निश्चित उद्देश्य से अलग इस्तेमाल जैसी अनियमितताएं सामने आई। परिवहन विभाग की जांच में आपातकालीन विकास व्यवस्था, सुरक्षा उपकरणों और अन्य तकनीकी मानकों पर भी ध्यान दिया गया। इसके अलावा कुछ मामलों में वैध ड्राइविंग लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। रिफ्लेक्टर, ध्वनि नियंत्रण और कर संबंधी अभिलेखों में भी अनियमितताएं पाई गई।

यह भी पढ़ें: Haridwar Nagar Nigam: अतिक्रमण पर नगर निगम का एक्शन

विभाग के मुताबिक, बसों में अनधिकृत बदलाव और सुरक्षा मानकों की अनदेखी दुर्घटना या आग लगने जैसी आपात स्थिति में यात्रियों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है। इसी वजह से तकनीकी निरीक्षण के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।

आगे भी जारी रहेगी चेकिंग

एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के अनुसार, यह अभियान एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। हरिद्वार में प्रवेश करने वाली स्लीपर और लग्जरी बसों की जांच के लिए अलग-अलग मार्गों और प्रवेश स्थलों पर आकस्मिक अभियान चलाए जाएंगे। जांच का समय भी बदला जाएगा, ताकि सुबह और रात के समय भी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

परिवहन विभाग ने बस संचालकों को स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव न करने और फिटनेस, परमिट तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी है। विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media