Haridwar RTO: बसों की तकनीकी स्थिति पर विशेष ध्यान

Haridwar RTO: हरिद्वार में लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए, जबकि तीन बसों को सीज किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में बसों की तकनीकी स्थिति, आवश्यक दस्तावेजों और यात्री सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की जा रही है।
बसों की तकनीकी स्थिति पर विशेष ध्यान (Haridwar RTO)
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के अनुसार, पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने जांच अभियान तेज किया है। इसका उद्देश्य जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी और स्लीपर बसों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी ने कार्रवाई की। वहीं, बसों की तकनीकी जांच के लिए संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी टीम में शामिल रहे।
फिटनेस, परमिट और जरूरी दस्तावेजों की जांच
चेकिंग के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। इसके साथ ही यह भी देखा गया कि बसों में किसी प्रकार का अनधिकृत बदलाव तो नहीं किया गया है और वाहन यात्री सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं।
Haridwar: सुभाष घाट पर जुटे सैकड़ों लोग, अलग-अलग किया गया कचरा
तकनीकी निरीक्षण के दौरान बसों की सुरक्षित संचालन क्षमता को प्रभावित करने वाली कमियों पर विशेष ध्यान दिया गया। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान में 35 चालान किए जाने के साथ तीन बसों को सीज किया गया।
बस संचालकों और चालकों को दिए निर्देश
परिवहन विभाग ने बस संचालकों और चालकों को निर्देश दिए हैं कि वे वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखें और परमिट की शर्तों के अनुसार ही बसों का संचालन करें। इसके अलावा, यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच करने और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विभाग का जोर इस बात पर है कि बसों में किसी भी तरह का ऐसा बदलाव न किया जाए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो। संचालकों को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान (Haridwar RTO News)
परिवहन विभाग के अनुसार, लग्जरी और स्लीपर बसों की जांच का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालान, वाहन सीज करने सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार चल रही इस कार्रवाई के जरिए विभाग बस संचालकों को नियमों के पालन के प्रति जिम्मेदार बनाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दे रहा है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाली बसों की तकनीकी स्थिति और दस्तावेजों की जांच को अभियान का अहम हिस्सा बनाया गया है।
