Haridwar: कुंभ से पहले पंतद्वीप, कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप का होगा कायाकल्प

हरिद्वार

Haridwar: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने विकास कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने पंतद्वीप, कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण कार्य कुंभ शुरू होने से पहले पूरे किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

घाटों से वेंडिंग जोन तक विकास कार्यों का निरीक्षण (Haridwar)

मेलाधिकारी ने पंतद्वीप क्षेत्र में घाटों, पार्किंग, वॉक-वे, वेंडिंग जोन, शौचालयों, ड्रेनेज, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। ये परियोजनाएं उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट बोर्ड (यूआईआईडीबी) की ओर से हरकी पैड़ी के उत्तरवर्ती क्षेत्र के विकास के लिए संचालित की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री, सैंडस्टोन, टाइलिंग और फिनिशिंग की गुणवत्ता भी परखी। कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी के अधिकारियों को निर्माण मानकों का पालन करने और कमियां मिलने पर तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेलाधिकारी ने वॉक-वे और घाटों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित सफाई और क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए प्रभावी प्रबंधन के निर्देश भी दिए। साथ ही गंगा तटों की स्पष्ट दृश्यता और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने पर जोर दिया।

कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप पर भी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

मेलाधिकारी ने कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप क्षेत्र में घाटों, पुलों और मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर रेलिंग, चेन और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा पुराने घाटों की मरम्मत और उचित रखरखाव कराने को कहा।

गंग नहर की प्रस्तावित बंदी के दौरान उन हिस्सों की मरम्मत और पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, जो सामान्य परिस्थितियों में पानी में डूबे रहते हैं। इसके अलावा गंगा तट के आसपास स्थित भवनों और आश्रमों में फसाड योजना के अनुरूप रंग-रोगन कराने पर जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें: Haridwar: हरिद्वार पुलिस ने प्रेमनगर आश्रम घाट के पास चलाया सफाई अभियान

अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश (Haridwar News)

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह और यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मेला प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं समय पर पूरी हों, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media