Haridwar: नगर आयुक्त नंदन कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश! रात में भी चलेगा निर्माण कार्य

हरिद्वार

Haridwar: कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में निर्माण और विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रोड़ी बेलवाला, पंतदीप समेत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति परखी और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

दिन के साथ रात में भी करना होगा निर्माण (Haridwar)

4 नवंबर को निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी तरह की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा का हर हाल में पालन किया जाए। यदि जरूरत पड़े तो निर्माण कार्य रात में भी कराए जाएं, लेकिन काम तय समय पर पूरा होना चाहिए।

यह भी पढ़ें: Haridwar: अपर मेलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर परखी घाटों के कार्यों की प्रगति

सफाई वाहनों के रास्तों का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने केवल निर्माण कार्यों तक ही ध्यान सीमित नहीं रखा, बल्कि कुंभ मेले के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां परखीं। उन्होंने रोड़ी बेलवाला और पंतदीप सहित विभिन्न क्षेत्रों में कॉम्पेक्टर और अन्य सफाई वाहनों के आवागमन तथा संचालन की संभावनाओं का जायजा लिया।

दरअसल, कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से कूड़ा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में सफाई वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए पहले से ही व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत

नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी अधिकारियों को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए और उनकी नियमित निगरानी की जाए। केवल काम पूरा करना ही नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।

करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए तैयारी (Haridwar News)

नगर आयुक्त ने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर की व्यवस्थाओं को समय रहते मजबूत करना जरूरी है। निर्माण कार्यों के साथ सफाई वाहनों के संचालन और कूड़ा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देना होगा, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित हरिद्वार मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media