Rishikesh: गीतानगर में शटर तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, नकदी भी ले उड़े चोर

ऋषिकेश

Rishikesh: धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ रही है, लेकिन इसी बीच चोरों ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। ऋषिकेश के आईडीपीएल सिटी गेट के समीप गीतानगर में चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 40 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखी 10 से 15 हजार रुपये की नकदी भी चोर अपने साथ ले गए। त्योहार से ठीक एक दिन पहले हुई इस बड़ी चोरी से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

रात में शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर (Rishikesh)

जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात दुकान स्वामी ने दुकान की साफ-सफाई करने के बाद महंगे मोबाइल फोन काउंटर में सजाकर रखे थे। इसके बाद वह दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात चोरों ने मौके का फायदा उठाया और दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। चोरों ने दुकान में रखे महंगे मोबाइल फोन समेटे और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें: Rishikesh News: दीपावली पर राजाजी टाइगर रिजर्व में रेड अलर्ट

CCTV की तार काटी, DVR भी ले गए

शुक्रवार सुबह जब दुकान स्वामी दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और दुकान में रखे सभी मोबाइल फोन गायब थे। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की तार काट दी। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के लिए कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य (Rishikesh News)

घटना के बाद दुकान स्वामी ने आईडीपीएल चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। घटनास्थल पर टीम भेजकर जांच कराई जा रही है।

त्योहारी सीजन में हुई इस बड़ी चोरी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने चोरों का पता लगाने और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media