Haridwar Kumbh: अर्धकुंभ में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा भव्य गंगा मंडप

हरिद्वार

Haridwar Kumbh: अर्धकुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक बड़े परिसर की सुविधा मिलने जा रही है। मेला प्राधिकरण ने इसके लिए गंगा मंडप तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 3000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस मंडप में एक समय में लगभग 3000 लोगों के बैठने और खड़े होने की व्यवस्था होगी। जनवरी से अप्रैल तक आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले के दौरान यहां संतों के प्रवचन, धार्मिक समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आधुनिक तकनीक से तैयार होगा गंगा मंडप (Haridwar Kumbh)

गंगा मंडप का निर्माण जर्मन एल्युमिनियम हैंगर तकनीक या इसी तरह की आधुनिक तकनीक से कराया जाएगा। इसके ढांचे की बीच में ऊंचाई कम से कम 55 फीट और किनारों पर 15 फीट रखी जाएगी। मंडप की छत पर तीन परतों वाला विशेष कपड़ा लगाया जाएगा, जो अग्निरोधक होने के साथ पानी से भी सुरक्षा प्रदान करेगा। इससे बारिश, तेज हवा और अन्य मौसमी परिस्थितियों में आयोजनों को जारी रखने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें: Somwati Amavasya: सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर हरिद्वार में ट्रैफिक प्लान लागू

धार्मिक आयोजनों के लिए बनेगा विशाल मंच

मंडप के भीतर करीब 3000 वर्ग मीटर का मजबूत प्लेटफार्म तैयार किया जाएगा। इस पर सजावटी कालीन बिछाने के साथ अर्धकुंभ की थीम के अनुरूप साज-सज्जा की जाएगी। यहां मुख्य मंच 25 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा होगा। इसके अतिरिक्त 12 मीटर लंबा और आठ मीटर चौड़ा एक साइड मंच भी बनाया जाएगा। दोनों मंचों पर धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अन्य आयोजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

निर्माण से लेकर रखरखाव तक एक एजेंसी संभालेगी जिम्मेदारी (Haridwar Kumbh News)

गंगा मंडप को तैयार करने के लिए मेला प्राधिकरण एक एजेंसी का चयन करेगा। चयनित एजेंसी को मंडप की डिजाइनिंग, निर्माण, सजावट, बिजली व्यवस्था, फर्नीचर और साउंड सिस्टम उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा पूरे अर्धकुंभ मेले के दौरान मंडप के रखरखाव का काम भी इसी एजेंसी को सौंपा जाएगा।

इसके लिए आवश्यक भूमि मेला प्राधिकरण की ओर से चिह्नित कर उपलब्ध कराई जाएगी। इस व्यवस्था के जरिए अर्धकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और संतों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक ही स्थान पर बड़ी सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media