Patanjali: ‘धरती का डॉक्टर’ मशीन से होगी खेत की मिट्टी की जांच

Patanjali: खेत में कौन-सा पोषक तत्व कम है और फसल के बेहतर उत्पादन के लिए किस उर्वरक की कितनी मात्रा जरूरी है, अब किसानों को इसका पता अनुमान से नहीं लगाना पड़ेगा। मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का सही चयन करने के लिए नई तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) ने पतंजलि समूह की भरुआ एग्री साइंस की स्वचालित मृदा परीक्षण मशीन ‘धरती का डॉक्टर’ को अपनाया है। इसके जरिए किसानों को अपने खेत की मिट्टी की सेहत जानने और जरूरत के अनुसार खाद का इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।

यूपी और बिहार में स्थापित हुईं नौ मशीनें (Patanjali Haridwar)
किसानों तक मृदा परीक्षण की सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से एचयूआरएल ने उत्तर प्रदेश और बिहार में नौ स्वचालित मशीनें स्थापित कर मृदा परीक्षण लैब शुरू की हैं। इन केंद्रों पर किसान अपने खेत की मिट्टी की निशुल्क जांच करा सकेंगे। एचयूआरएल के प्रबंध निदेशक एसपी मोहंती की पहल पर शुरू की गई इस व्यवस्था में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर सहित पूर्वांचल के कई जिलों, मेरठ और बिहार के बक्सर समेत अन्य क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

मिट्टी के 12 प्रमुख मानकों की होगी जांच
‘धरती का डॉक्टर’ मशीन मिट्टी की सेहत से जुड़े 12 प्रमुख मानकों की जांच करती है। इनमें पीएच, विद्युत चालकता (ईसी), जैविक कार्बन, नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटैशियम, सल्फर, जिंक, आयरन, कॉपर, मैंगनीज और बोरॉन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: Rishikesh: दीपावली मनाने ऋषिकेश पहुंचीं नेहा कक्कड़
इस जांच से मिट्टी में मौजूद प्रमुख और सूक्ष्म पोषक तत्वों की वास्तविक स्थिति का पता चलता है। इसके आधार पर किसान समझ सकेंगे कि उनके खेत में किन पोषक तत्वों की कमी है और किसकी पर्याप्त मात्रा मौजूद है।
संतुलित खाद के इस्तेमाल से घट सकती है खेती की लागत (Patanjali Haridwar News)
अक्सर किसान मिट्टी की जरूरत जाने बिना उर्वरकों का इस्तेमाल करते हैं। इससे खाद पर अनावश्यक खर्च होने के साथ मिट्टी की सेहत भी प्रभावित हो सकती है। मृदा परीक्षण के जरिए किसान फसल की आवश्यकता और मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों के अनुसार उर्वरक की मात्रा तय कर सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य किसानों को संतुलित उर्वरक इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना, खेती की लागत नियंत्रित करने में मदद देना और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना है।
