Uttarakhand: औली में विंटर गेम्स की तैयारी! एडवेंचर-वेलनेस टूरिज्म पर फोकस

Uttarakhand: उत्तराखंड में पर्यटन का दायरा अब केवल चारधाम यात्रा और गर्मियों के पर्यटन सीजन तक सीमित नहीं रहेगा। प्रदेश सरकार सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है। बर्फ से ढके पहाड़, रोमांचक खेल गतिविधियां और आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा को पर्यटन से जोड़कर प्रदेश को साल के सभी 12 महीने पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाने की योजना तैयार की गई है। इसी कड़ी में चमोली जिले के औली में कृत्रिम बर्फ जमाकर विंटर गेम्स आयोजित करने की तैयारी है। इससे वर्ष 2018 के बाद एक बार फिर औली में शीतकालीन खेलों के आयोजन की उम्मीद बढ़ गई है।

शीतकालीन यात्रा से बढ़ेगी पर्यटन गतिविधियां (Uttarakhand)
चारधाम यात्रा संपन्न होने के बाद अब पर्यटन विभाग का जोर शीतकालीन पर्यटन पर है। इसके तहत केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। सरकार का प्रयास है कि धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी पर्यटकों से जोड़ा जाए।
यह भी पढ़ें: Patanjali: ‘धरती का डॉक्टर’ मशीन से होगी खेत की मिट्टी की जांच
औली में फिर दिखेगा विंटर गेम्स का रोमांच
शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान देने के लिए औली में कृत्रिम बर्फ जमाकर विंटर गेम्स कराने की तैयारी की जा रही है। वर्ष 2018 के बाद यहां दोबारा शीतकालीन खेलों के आयोजन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इससे स्कीइंग जैसे बर्फ आधारित खेलों को बढ़ावा मिलने के साथ देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Patanjali: ‘धरती का डॉक्टर’ मशीन से होगी खेत की मिट्टी की जांच
700 किलोमीटर की साइकिल प्रतियोगिता में जुटेंगे विदेशी खिलाड़ी
साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 20 नवंबर से अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। करीब 700 किलोमीटर लंबे इस चुनौतीपूर्ण सफर में 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एलीट और लाइसेंसधारी (uttarakhand sports game) पेशेवर साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू होकर बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी, टिहरी और उत्तरकाशी होते हुए 26 नवंबर को देहरादून में समाप्त होगी। पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम रास्तों से गुजरने वाली यह प्रतियोगिता उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करेगी।
एडवेंचर और वेलनेस टूरिज्म पर भी जोर (Uttarakhand News)
प्रदेश सरकार की योजना में साहसिक पर्यटन के साथ वेलनेस टूरिज्म को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इसका उद्देश्य योग, आध्यात्मिकता और प्राकृतिक वातावरण के अनुभव के लिए पर्यटकों को उत्तराखंड की ओर आकर्षित करना है। सरकार की इस पहल से पर्यटन गतिविधियों को पूरे वर्ष जारी रखने और प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने की उम्मीद है।
