Ankita Bhandari: विनोद आर्य ने मीडिया के सामने रखे अंकिता और उसके बॉयफ्रेंड की चैट के अंश

Ankita Bhandari: अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में है। इस मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस वार्ता कर कई दावे किए। उन्होंने अंकिता और उसके बॉयफ्रेंड पुष्प के बीच हुई बातचीत के कुछ अंश मीडिया के सामने रखे और दावा किया कि इस मामले में उनके बेटे को गलत तरीके से फंसाया गया है। साथ ही उन्होंने अंकिता की हत्या होने के दावे पर भी सवाल उठाए।

जनदबाव में बनाया गया हत्या का मामला: विनोद आर्य (Ankita Bhandari)
विनोद आर्य अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ प्रेस वार्ता करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जनआक्रोश के चलते इस मामले को हत्या का रूप दिया गया और उनके बेटे पुलकित आर्य तथा उसके साथियों को गलत तरीके से फंसाया गया। उनका दावा था कि इस प्रकरण में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि अंकिता अपने माता-पिता और बॉयफ्रेंड से प्रताड़ित थी और अंकिता-पुष्प के बीच हुई चैट में इससे जुड़ी बातें सामने आती हैं।
चैट को जांच में शामिल करने की मांग
प्रेस वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने सीबीआई से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अंकिता और उसके बॉयफ्रेंड के बीच हुई बातचीत को भी जांच का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें: Haridwar: परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, 187 चालान और 7 वाहन सीज!
रिसॉर्ट में आगजनी और सुनवाई पर भी उठाए सवाल (Ankita Bhandari News)
विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि मामले के शुरुआती दौर में जनाक्रोश के कारण उनके पक्ष को सुना नहीं गया। उन्होंने पुलिस अभिरक्षा में आरोपियों पर हमले और रिसॉर्ट में दो बार आग लगाए जाने का दावा करते हुए कहा कि इससे करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अदालत में ट्रायल के दौरान दबाव बनाया गया। उनका कहना है कि मामला अब हाईकोर्ट में विचाराधीन है और बार-बार वीआईपी का नाम सामने आने से प्रकरण लंबा खिंच रहा है।
गौरतलब है कि प्रेस वार्ता में किए गए ये सभी दावे विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता का पक्ष हैं। इन्हें स्वतंत्र रूप से प्रमाणित तथ्य नहीं माना जाना चाहिए।
