Haridwar: जनसुनवाई में पहुंचीं 49 शिकायतें, 28 का मौके पर निस्तारण

Haridwar: जनपदवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई इस जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी 49 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया।

अतिक्रमण से लेकर जलभराव तक उठीं समस्याएं (Haridwar)
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित कई मुद्दे सामने आए। गेन्डीखाता निवासी वन गुर्जर बजीर अली ने अपने डेरों के आसपास सोलर लाइट लगवाने की मांग रखी। वहीं बाबूराम सैनी ने ग्राम गुम्मावाला में सरकारी नलकूप को स्थानांतरित कर स्थापित कराने के संबंध में शिकायत दी।
ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में मारुति शोरूम के पास पार्क और सर्विस रोड पर कथित अवैध अतिक्रमण हटाने तथा असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा ग्राम कुतुबपुर के ग्रामीणों ने खेतों में आबादी का गंदा पानी, गोबर और कूड़ा पहुंचने से फसल खराब होने की समस्या रखी। रोहलकी किशनपुर में रास्ते की भूमि से अतिक्रमण हटाने और इक्कड़ खुर्द में करीब 100 फीट सड़क निर्माण कराने के लिए भी प्रार्थना पत्र दिए गए।
अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें: Haldwani News: नई सड़क की खुली पोल, हाथ से उखड़ने लगी निर्माण की परत
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
CM हेल्पलाइन पर 870 शिकायतें लंबित (Haridwar News)
जनसुनवाई के साथ सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सामने आया कि एल-1 स्तर पर 686 और एल-2 स्तर पर 184 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। सीडीओ ने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, एसडीएम नीतू डांगर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।
