Haridwar News: IIT रुड़की के विशेषज्ञों ने कुंभ-2027 के चार पुलों की जांची गुणवत्ता

हरिद्वार

Haridwar News: कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए हरिद्वार में चार स्थायी पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इन पुलों की मजबूती और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन ने तकनीकी जांच तेज कर दी है। मेलाधिकारी सोनिका की पहल पर आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों की टीम ने बुधवार को चारों निर्माणाधीन पुलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच (Haridwar News)

आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर डॉ. संजय के नेतृत्व में विशेषज्ञों ने पुलों के निर्माण स्थलों पर पहुंचकर काम की प्रगति, अपनाई जा रही तकनीक और गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं का परीक्षण किया। टीम ने निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रावधानों के पालन का भी जायजा लिया।

मेला प्रशासन की ओर से निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए थर्ड पार्टी एजेंसी भी नियुक्त की गई है। इसके साथ ही विशेषज्ञों से तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि निर्माण के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा पर ध्यान रखा जा सके।

यह भी पढ़ें: Haridwar Kumbh: 15वें दिन भी चला स्वच्छता अभियान

इन चार स्थानों पर बन रहे हैं पुल

विशेषज्ञों की टीम ने सबसे पहले खड़खड़ी मार्ग पर सुखी नदी पर बन रहे डबल लेन पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद मायापुर एस्केप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर पुल की जांच की।

टीम ने ज्वालापुर से ईदगाह, सुभाषनगर पीएसी होते हुए शिवालिक नगर जाने वाले मार्ग पर पथरी रौ नदी पर बन रहे 60 मीटर स्पान के प्री-स्ट्रेस्ड आरसीसी पुल का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा धनौरी-सिडकुल लिंक रोड पर पथरी रौ नदी के पुराने गंगनहर साइफन के डाउनस्ट्रीम में निर्माणाधीन 90 मीटर स्पान के कम्पोजिट स्टील गर्डर डबल लेन पुल का तकनीकी परीक्षण किया गया।

कुंभ के दौरान यातायात को मिलेगी राहत (Haridwar News Today)

मेला प्रशासन के अनुसार, चारों पुलों के तैयार होने से कुंभ क्षेत्र में अतिरिक्त स्थायी मार्ग उपलब्ध होंगे। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होने और मेला अवधि में यातायात के दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी पुल तय समयसीमा में तैयार हों और निर्माण के हर चरण में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट सहित लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media