Haridwar: कुंभ-2027 में हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर नहीं लगेगा भीड़ का दबाव

Haridwar: हरिद्वार में कुंभ-2027 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को संभालना प्रशासन और रेलवे के लिए बड़ी चुनौती होगी। खासकर रेलवे स्टेशन पर एक साथ पहुंचने वाले यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करना और उन्हें सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना अहम रहेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर प्रवेश, निकास, ठहराव और ट्रेनों के संचालन की व्यवस्थाओं को नए सिरे से व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है।

बड़े यात्री दबाव को देखते हुए संयुक्त निरीक्षण (Haridwar)
शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे की ओर से कुंभ मेले के लिए तैयार की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय और होल्डिंग एरिया का जायजा लिया। साथ ही यह भी देखा कि अधिक संख्या में यात्रियों के पहुंचने पर स्टेशन परिसर में आवाजाही किस तरह सुचारु रखी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: Haridwar: कुंभ-2027 में जूना अखाड़े की पेशवाई को लेकर तैयारी तेज
आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के रास्ते होंगे अलग
निरीक्षण के दौरान आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित करने पर विचार किया गया। अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले यात्रियों के लिए पृथक प्रस्थान व्यवस्था विकसित करने की योजना भी सामने आई। इसका उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों का अनावश्यक जमावड़ा रोकना और भीड़ को अलग-अलग हिस्सों में व्यवस्थित करना है।
इसके अलावा पर्याप्त पार्किंग, आपातकालीन निकास मार्ग और सुरक्षा इंतजामों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वाहनों की पार्किंग ऐसी होनी चाहिए, जिससे आसपास की सड़कों पर जाम की स्थिति न बने।
मॉक ड्रिल से परखी जाएगी तैयारी
बैठक में केवल सुविधाएं विकसित करने ही नहीं, बल्कि उनकी व्यावहारिकता जांचने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने प्रस्तावित व्यवस्थाओं को मॉक ड्रिल के माध्यम से परखने के निर्देश दिए, ताकि किसी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित निकासी और भीड़ नियंत्रण में आने वाली कमियों को पहले ही पहचाना जा सके।
ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय और यात्रियों की संख्या के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी चर्चा हुई, जिससे एक ही समय में स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ जमा न हो।
रेलवे तैयार करेगा कार्ययोजना (Haridwar News)
निरीक्षण में मिले सुझावों और सुरक्षा संबंधी जरूरतों के आधार पर रेलवे अपनी कार्ययोजना को अंतिम रूप देगा। इसके बाद इसे मेला प्रशासन के साथ साझा कर आपसी समन्वय से आगे की तैयारी की जाएगी। लक्ष्य है कि कुंभ शुरू होने से पहले स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं।
