उत्तराखंडहरिद्वार

Uttarakhand News: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : राज्यपाल

Uttarakhand News: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेला 2026 की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेला कंट्रोल रूम में स्थापित अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने राज्यपाल को कांवड़ मेले की तैयारियों, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत जानकारी दी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : राज्यपाल (Uttarakhand News)

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से ही पूरी तरह तैयार रखी जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों और मानवबल की तत्काल तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचते हुए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।

पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेकर करें बेहतर तैयारी

राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि पिछले वर्ष के कांवड़ मेले के अनुभवों का विश्लेषण कर इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताते हुए उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: CM Dhami News: विधायक आदेश चौहान की अध्यक्षता में हुआ पखवाड़ा शिविर का आयोजन

स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर (Uttarakhand News)

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मशीनयुक्त स्वीपिंग मशीनों के संचालन की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मेले के दौरान नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

AI तकनीक और आधुनिक निगरानी प्रणाली अपनाने के निर्देश

राज्यपाल ने कांवड़ मेले में आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक का उपयोग निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन में प्रभावी साबित हो सकता है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उपलब्ध आधारभूत संरचना का बेहतर उपयोग करते हुए तकनीक आधारित व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया जाए।

मेले में तैनात कर्मचारियों की होगी बेहतर ब्रीफिंग

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि मेले में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में पहले से स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को सम्मानित करने की भी बात कही, जिससे उनका मनोबल बढ़े और बेहतर कार्य संस्कृति को प्रोत्साहन मिले।

हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की

कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने के बाद राज्यपाल हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना और गंगा आरती में भाग लिया।

राज्यपाल ने मां गंगा से कांवड़ यात्रा के सकुशल, सुरक्षित और सफल संचालन के साथ-साथ प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।

ये अधिकारी रहे मौजूद (Haridwar News)

इस दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी संचार विपिन कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर कुंभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ट्रैफिक बीपेंदर कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media