Haridwar Kumbh: कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार बाईपास चालू कराने की तैयारी

Haridwar Kumbh: कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज होने लगी हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने से लेकर यातायात और पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त करने पर मेला प्रशासन का फोकस है। इसी सिलसिले में मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
शिविरों के लिए जमीन तैयार करने पर जोर (Haridwar Kumbh)
कुंभ के दौरान अलग-अलग सेक्टरों में शिविर स्थापित किए जाने हैं। इसके लिए बैरागी कैंप और दक्षद्वीप में जमीन को समतल करने, अस्थायी सड़कें बनाने तथा बिजली और पेयजल की व्यवस्था से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। मेलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिविरों के लिए निर्धारित भूमि समय पर तैयार होनी चाहिए और वहां जरूरी जन-सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
दक्षद्वीप में बनेगा अस्थायी बस अड्डा
कुंभ के दौरान वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए दक्षद्वीप में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों व पुलों से संबंधित कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य मेला क्षेत्र में आवागमन सुचारू रखना है।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में चला सफाई अभियान
कुंभ से पहले चालू हो हरिद्वार बाईपास
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर समेत अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाईपास का काम जल्द पूरा कर कुंभ से पहले इसे यातायात के लिए चालू किया जाए।
NH-74 के अधूरे कार्य भी होंगे प्राथमिकता में (Haridwar Kumbh Mela)
मेलाधिकारी ने अंजनी चौकी के पास बाईपास के अंतिम छोर को व्यवस्थित करने और जरूरी साइनेज लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने एनएच-74 पर चिड़ियापुर तक सड़क की स्थिति का भी जायजा लिया। चिड़ियापुर के पास फ्लाईओवर का रुका हुआ काम जल्द पूरा कराने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों और नजीबाबाद के परियोजना निदेशक से भी बात की।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश और राजेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
