Haridwar Kumbh 2027: मेलाधिकारी ने पंतद्वीप से चंडी चौक तक किया निरीक्षण

हरिद्वार

Haridwar Kumbh 2027: कुंभ-2027 के मद्देनजर हरिद्वार में बुनियादी सुविधाओं और यातायात व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और अन्य अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला और चंडी चौक क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बारिश के बीच भी निरीक्षण जारी रहा। अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, पुलों, घाटों और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े बिंदुओं का जायजा लिया। मेलाधिकारी सोनिका ने मौके पर ही विभिन्न कार्ययोजनाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर चर्चा की।

पंतद्वीप में भीड़ प्रबंधन और सफाई पर जोर (Haridwar Kumbh 2027)

निरीक्षण की शुरुआत कांगड़ा पुल और संजय पुल के संगम के निकट पंतद्वीप की नोज वाले क्षेत्र से हुई। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण इस स्थान पर मार्गों और प्लेटफॉर्म की स्थिति का जायजा लिया गया। मेलाधिकारी और जिलाधिकारी ने आवागमन को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: Haridwar News: युवा महोत्सव 2026 में युवाओं ने बिखेरा हुनर

अधिकारियों ने क्षेत्र में अनुपयोगी और क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों (Haridwar news) को हटाने के साथ ही खंभों और पेड़ों से लटक रहे तारों, रस्सियों तथा अन्य अनावश्यक सामग्री को हटाने पर जोर दिया। घाटों और प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा उनके सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

रोड़ी-बेलवाला और चंडी पुल के निर्माण कार्यों की समीक्षा

इसके बाद अधिकारियों ने रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रशासनिक मार्ग का निरीक्षण किया। यहां कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा करने पर जोर दिया गया।

चंडी पुल पर बन रहे डबल लेन अंडरपास की स्थिति भी देखी गई। कुंभ के दौरान यातायात के दबाव को नियंत्रित करने में इस परियोजना की अहमियत को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

चंडी चौक से वाल्मीकि चौक तक सड़क सुधार को प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान चंडी चौक से वाल्मीकि चौक की ओर जाने वाली सड़क पर चल रहे चौड़ीकरण और सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि यातायात सुचारु रहे और पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

तैयारियों की लगातार निगरानी (Haridwar Kumbh 2027 News)

मेला प्रशासन कुंभ-2027 से जुड़े निर्माण कार्यों के साथ यातायात, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी निगरानी कर रहा है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं पर मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि आयोजन के दौरान सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media