Haridwar News: गौकशी की तैयारी कर रहा वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

हरिद्वार

Haridwar News: जिले में गौकशी और गोतस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और गौकशी के एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

आम के बाग में बछड़े को बांधकर कर रहा था तैयारी (Haridwar News)

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को सूचना मिली थी कि गौकशी के मामले में वांछित छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी हलजोरा, आईटीआई तिराहे से मसाई जाने वाले मार्ग के सामने एक आम के बाग में गौकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रितेश साह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाग में तलाशी अभियान शुरू किया।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand: औली में विंटर गेम्स की तैयारी! एडवेंचर-वेलनेस टूरिज्म पर फोकस

इस दौरान पुलिसकर्मियों को एक व्यक्ति पेड़ से बछड़े को बांधकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा गोली चला दी।

जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, अपनी सुरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मौके से अवैध हथियार और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।

तमंचा, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद (Haridwar News Today)

पुलिस ने मौके से .315 बोर का एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जीवित बछड़ा बरामद किया। इसके अलावा एक लोहे की कुल्हाड़ी, दो छुरी, लकड़ी का गुटका, मांस पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली काले और हरे रंग की प्लास्टिक पन्नियां तथा दो सफेद प्लास्टिक के कट्टे भी मिले।

पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ बुग्गावाला थाने में वर्ष 2025 का मुकदमा और भगवानपुर कोतवाली में वर्ष 2026 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर फायरिंग के संबंध में धारा 109(1) बीएनएस, आयुध अधिनियम की धारा 3/25 तथा उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश साह, उपनिरीक्षक सुनील पंत, आशीष नेगी, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media