Haridwar: सीएम धामी ने सप्तऋषि में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का किया लोकार्पण

Haridwar: हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की इस पहल को गौवंश संरक्षण, पर्यावरण और ग्रामीण आजीविका से जोड़कर देखा जा रहा है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम भी है।

11 गोवंश से शुरू हुआ अभियान, अब 35 हजार से अधिक का संरक्षण (Haridwar)
मुख्यमंत्री ने संस्था की सेवा यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में महज 11 गोवंश के संरक्षण से इसकी शुरुआत हुई थी। संस्था की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से ज्यादा गोवंश की देखभाल की जा रही है। हरिद्वार में भी हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है।
संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा चुकी हैं। इसके अलावा प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ राशन और चिकित्सा सहायता भी दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: Nainital: कैंची धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार गहरी खाई में गिरी, एक की मौत
प्रदेश में 16 हजार से अधिक गोवंश को आश्रय
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना भी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। वहीं, शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और बायोगैस जैसे विकल्पों से जोड़ने की जरूरत है, ताकि इससे किसानों की आय और ग्रामीण रोजगार को भी बढ़ावा मिल सके।
कुंभ-2027 की तैयारियों का भी किया जिक्र (Haridwar News)
मुख्यमंत्री ने कामधेनुलोक को हरिद्वार की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक पर्यटन से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले को लेकर सड़क, यातायात, पुल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
