Ankita Bhandari: अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक होने पर भड़की कांग्रेस

हरिद्वार

Ankita Bhandari: अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत और जनआक्रोश के केंद्र में आ गया है। हत्याकांड के मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की ओर से अंकिता से जुड़ी कथित निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हरिद्वार के आर्य नगर स्थित विनोद आर्य के आवास का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

चैट सार्वजनिक करने पर उठे सवाल, गिरफ्तारी की मांग (Ankita Bhandari)

दरअसल, 15 नवंबर को विनोद आर्य ने मीडिया के सामने आकर अंकिता और उसके एक परिचित के बीच हुई बताई जा रही व्हाट्सऐप बातचीत सार्वजनिक की थी। उन्होंने इन चैट का हवाला देते हुए अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष बताते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई थी। इसके बाद से ही चैट सार्वजनिक करने और अंकिता की निजता को लेकर सवाल उठने लगे।

यह भी पढ़ें: Haridwar Kumbh: कुंभ की तैयारियों का जायजा लेने उतरे अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार

महिला कांग्रेस ने इसे अंकिता की गरिमा और निजता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस से धक्का-मुक्की, सड़क पर बैठीं महिला कार्यकर्ता

मंगलवार को ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता विनोद आर्य के आवास की ओर बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला और महिला नेत्री पूनम भगत के गिरने की भी खबर सामने आई।

तीनों दोषियों को मिल चुकी है उम्रकैद (Ankita Bhandari News)

गौरतलब है कि 19 वर्षीय अंकिता भंडारी वर्ष 2022 में ऋषिकेश के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी और उनका शव चिल्ला नहर से बरामद हुआ था। इस मामले में पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को 30 मई 2025 को कोटद्वार की अदालत ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। तीनों दोषियों की जमानत याचिकाएं अगस्त 2026 में उत्तराखंड हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी हैं।

निजी चैट सार्वजनिक होने के बाद अब मामला एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media