Haridwar Kumbh: कुंभ की तैयारियों का जायजा लेने उतरे अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार

Haridwar Kumbh: कुंभ-2027 को लेकर हरिद्वार में विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो रही है। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा करने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण में निर्माण कार्यों के अलावा सफाई व्यवस्था और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाएं भी उनके एजेंडे में रहीं।

रोड़ीबेलवाला में चल रहे निर्माण कार्यों का लिया जायजा (Haridwar Kumbh)
निरीक्षण के दौरान नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों को देखा। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। काम में देरी, लापरवाही या गुणवत्ता के मानकों से समझौता करने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रोड़ीबेलवाला कुंभ मेले के प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां से हरकी पैड़ी तक पहुंचने वाले मार्ग भी जुड़े हैं। ऐसे में क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को बेहतर योजना और आपसी समन्वय के साथ पूरा किया जाना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: Haridwar: बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा भारी, 15 स्कूली वाहनों के चालान
तीनों पालियों में होगी घाटों की सफाई
गंगा घाटों और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र की स्वच्छता को लेकर नगर आयुक्त (Haridwar News) ने विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को तीनों पालियों में नियमित सफाई कराने और कूड़ा उठान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सफाई कार्य में लगे पर्यावरण मित्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।
उन्होंने कहा कि जहां सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होगी, वहां उनकी तैनाती की जाएगी। पर्यावरण मित्रों को काम के दौरान आने वाली परेशानियों का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।
श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए चलेगा अभियान
नगर आयुक्त ने गंगा घाटों पर आने वाले स्थानीय लोगों और देश-विदेश के श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। इसके लिए घाटों पर पर्याप्त डस्टबिन उपलब्ध कराने और उनके इस्तेमाल को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इस मुहिम से जोड़ने की बात कही।
सार्वजनिक शौचालयों की सुविधाएं सुधारने के निर्देश (Haridwar Kumbh News)
निरीक्षण के दौरान गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में बने सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं मिलें।
नंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि कुंभ-2027 की तैयारियों में निर्माण कार्यों, मेला प्रबंधन, स्वच्छता और जनसुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
