Haridwar Kumbh: 15 मार्च को हरिद्वार में देव डोलियों का होगा अमृत स्नान

Haridwar Kumbh: कुंभ मेला-2027 में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होंगे। देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के अनुसार, 14 मार्च 2027 को ऋषिकेश में देव डोलियों की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि 15 मार्च को हरिद्वार में देव डोलियों का अमृत स्नान होगा।
मेला प्रशासन और समिति के बीच हुई बैठक (Haridwar Kumbh)
आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर मेला नियंत्रण भवन, हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में शोभायात्रा के मार्ग, ठहराव स्थलों, स्नान व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने देव डोलियों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: रोड़ीबेलवाला पिंक वेंडिंग जोन! नगर आयुक्त ने सुनी वेंडर्स की समस्याए
लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को मिलेगी पहचान
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि देव डोलियों की शोभायात्रा और अमृत स्नान उत्तराखंड की लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को देवभूमि की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आयोजन की धार्मिक गरिमा और पारंपरिक स्वरूप बनाए रखते हुए देव डोलियों के आवागमन, ठहराव, स्नान और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
15 मार्च के आयोजन की तैयारियां तेज (Haridwar Kumbh News)
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि देव डोलियों के आगमन और उनके साथ आने वाले प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। मेला प्रशासन और आयोजन समिति मिलकर कार्यक्रम को व्यवस्थित और भव्य स्वरूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं।
बैठक में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास सहित विपिन जोशी, बंशीधर पोखरियाल, द्वारिका भट्ट, रमेश पैन्यूली और अन्य पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
