Haridwar: हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 13 खाद्य नमूने जांच को भेजे

Haridwar: दीपावली के त्योहार पर लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार, 28 अक्टूबर को विभागीय टीमों ने भगवानपुर, सिडकुल, नारसन और हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों, मिठाई विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
दूध और मिठाइयों के नमूने एकत्रित (Haridwar)
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने भेड़पुर चौराहा, भगवानपुर और सिडकुल क्षेत्र में निरीक्षण किया। यहां खुले दूध के चार और गजक के दो नमूने लिए गए। सिडकुल स्थित रिलायंस स्टोर्स के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर से पेड़ा मिठाई के दो नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए।
वहीं, नारसन पुलिस चेक पोस्ट पर पुलिस के सहयोग से बाहरी राज्यों से आने वाले खाद्य पदार्थों के वाहनों की जांच की गई। यहां दूध, पनीर, मावा और मावा बर्फी के चार नमूने लिए गए। हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र के एक मिठाई कारखाने से पेड़े का एक नमूना भी संग्रहित किया गया।
यह भी पढ़ें: Haridwar Kumbh: 15 मार्च को हरिद्वार में देव डोलियों का होगा अमृत स्नान
नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान भगवानपुर की गजक निर्माता कंपनी वैश्य एंटरप्राइजेज के इनवॉइस पर अनिवार्य एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर नहीं मिला। गजक के पैकेट पर बैच नंबर और अन्य जरूरी लेबल संबंधी नियमों के पालन में भी कमी पाई गई। इस पर कंपनी को नोटिस जारी किया गया।
एक दूध वाहन संचालक द्वारा मौके पर खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने और दो वाहनों में तापमान नियंत्रित रखने की उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर भी नोटिस दिए गए।
रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर में मिलीं सफाई संबंधी कमियां
सिडकुल स्थित रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के निरीक्षण में चिलर पैड गंदे मिले और बॉक्स के अंदर-बाहर धूल जमा पाई गई। सफाई में इस्तेमाल होने वाले रसायन अन्य उत्पादों के भंडारण क्षेत्रों के पास रखे मिले। वाहनों की सफाई से जुड़े रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। इन कमियों के चलते सेंटर को सुधार संबंधी नोटिस जारी किया गया।
त्योहार तक जारी रहेगा अभियान (Haridwar News)
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि तथा उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने संबंधी नियमों की भी जांच की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नमूनों की गुणवत्ता का अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला जांच के बाद ही सामने आएगा। दीपावली तक निरीक्षण और नमूना संग्रह अभियान जारी रहेगा।
