Haridwar News: सड़क बनी तालाब! जलभराव ने कांवड़ियों की मुश्किलें बढ़ाई
Haridwar News: हरिद्वार में भारी बारिश के बाद जलभराव ने कांवड़ियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अलकनंदा होटल, रोड़ीबेलवाला, दिल्ली बायपास रोड के सामने सड़क पर पानी भर जाने से शिव भक्तों को इसी जलभराव के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी भी जलभराव के कारण हो रही समस्याओं का सामना करते हुए ड्यूटी कर रहे हैं। कावड़ यात्रा के दौरान सामने आई इन तस्वीरों ने जल निकासी और स्थानीय व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अलकनंदा होटल के सामने जमा हुआ पानी (Haridwar News)
हरिद्वार में कावड़ यात्रा के अंतिम चरण के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। इसी दौरान हुई बारिश के बाद अलकनंदा होटल के सामने सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई। सड़क पर काफी पानी जमा होने की वजह से पैदल आने-जाने वाले कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई शिव भक्त इसी पानी से होकर अपनी यात्रा आगे बढ़ाते दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: रुड़की में 90 किलो खराब पनीर मौके पर नष्ट किया गया
पुलिसकर्मी भी हुए परेशान
एक तरफ पुलिसकर्मी लगातार भीड़ और यातायात को व्यवस्थित करने में जुटे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर सड़क पर जमा पानी उनके लिए भी चुनौती बना हुआ है। बारिश होना प्राकृतिक प्रक्रिया है और उसे रोक नहीं जा सकता। लेकिन, बारिश होने के बाद या दौरान पानी की निकासी की व्यवस्था तो की जा सकती है।
जलनिकासी की व्यवस्था पर सवाल (Haridwar News Today)
कावड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए संबंधित विभागों पर सड़क, जल निकासी और यातायात जैसी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी रहती है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बारिश के पानी की निकासी के लिए पहले से पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
जमीनी स्थिति पर सवाल
हरिद्वार में कावड़ यात्रा के दौरान प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का दावा करते हैं। लेकिन, अलकनंदा होटल के सामने जलभराव की तस्वीर इन व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति पर सवाल जरूर खड़े करती है। श्रद्धालु दूर-दूर से गंगाजल लेने हरिद्वार आ रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

