Haridwar Kumbh: मेलाधिकारी ने दिन-रात काम करने के दिए निर्देश

Haridwar Kumbh: हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत सड़क निर्माण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका और आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ हरिद्वार बाईपास परियोजना के पहले चरण का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक निर्माण कार्यों की प्रगति देखी गई और लंबित कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
संसाधन बढ़ाकर दिन-रात काम करने के निर्देश (Haridwar Kumbh)
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों और आवश्यक संसाधनों की संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्माण के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान में मेला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग देने की बात भी कही गई।
कुंभ में यातायात और पार्किंग पर रहेगा जोर
कुंभ-2027 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए बाईपास परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान इस मार्ग के उपयोग, दक्षद्वीप पार्किंग तक वाहनों की आवाजाही और प्रवेश व निकास मार्गों की व्यवस्था पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: हरिद्वार में 142 स्वयंसेवियों ने जुटाया 1.5 टन कूड़ा
निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य इस तरह पूरे किए जाएं, जिससे कुंभ के दौरान यातायात का संचालन व्यवस्थित रहे और पार्किंग स्थलों तक पहुंचने वाले वाहनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीसीटीवी से होगी निर्माण कार्यों की निगरानी
मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखने के लिए कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनएचएआई की परियोजनाएं कुंभ की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनकी नियमित समीक्षा की जाएगी।
अन्य सड़क परियोजनाओं को भी समय पर पूरा करने पर जोर (Haridwar Kumbh News)
निरीक्षण के दौरान दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को जोड़ने वाली निर्माणाधीन हरिद्वार स्पर परियोजना समेत राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एनएचएआई रुड़की खंड के परियोजना निदेशक पुनीत गर्ग और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
