Haridwar: कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार

हरिद्वार

Haridwar: हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने विकास कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सड़क, फुटपाथ, घाट, पुल और चौराहों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मेलाधिकारी सोनिका ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार समेत अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित विभागों को सभी काम निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और फुटपाथों पर आवागमन में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को तत्काल शिफ्ट करने को कहा।

शंकराचार्य चौक से कनखल तक सुधार कार्यों की समीक्षा (Haridwar)

आइरिस पुल के निकट एडमिन रोड, बैरागी कैंप, एनएच सर्विस लेन और शंकराचार्य चौक मार्ग के जंक्शन का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। आइरिस पुल और महिला मिलन मंदिर के बीच उपलब्ध भूमि पर पार्क विकसित करने और स्नान के लिए घाट को व्यवस्थित करने की बात कही गई। प्रवेश द्वार के पास पुराने कमरों को प्रसाधन एवं चेंजिंग रूम के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें: Haridwar News: कुंभ से पहले हरिद्वार की सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश

वहीं, आइरिस पुल से शंकराचार्य चौक तक सड़क सुधार और अतिक्रमण पर नियमित निगरानी रखने को कहा गया। कनखल मार्ग पर सड़क और फुटपाथ निर्माण के साथ डाम कोठी रोड के चौड़ीकरण तथा घाटों के अनुरक्षण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

पंतद्वीप से लालजीवाला तक पैदल पुल पर जोर

पंतद्वीप में यूआईआईडीबी की परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए शौचालय और अन्य जनसुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पंतद्वीप से लालजीवाला तक पैदल आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर पैदल पुल बनाने की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाने की अपेक्षा की गई।

बैरागीवाला और दक्षद्वीप में भी परखी व्यवस्थाएं (Haridwar News)

मेलाधिकारी ने बैरागीवाला और दक्षद्वीप क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, पुलों और घाटों से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्य समय पर पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग और अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media