Haridwar News: कुंभ से पहले हरिद्वार की सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश

हरिद्वार

Haridwar News: हरिद्वार में विकास कार्यों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर बुधवार, 19 नवंबर को कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों और आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

कुंभ से पहले सड़क निर्माण और मरम्मत पर जोर (Haridwar News)

बैठक में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को देखते हुए सड़क निर्माण और मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन चल रहे सभी आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य दिसंबर के अंत तक पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि जनवरी से शुरू होने वाले कुंभ मेले में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए सड़कों की स्थिति बेहतर करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: Laksar: जरूरतमंद परिवार की मदद को आगे आए प्रमोद खारी

पेंशन से वंचित लोगों को चिह्नित करने के निर्देश

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन समेत कई योजनाओं की समीक्षा की गई। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर जल्द लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाकर अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को इससे जोड़ने को कहा।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी के प्रयासों की सराहना (Haridwar News Today)

सांसद ने जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

बैठक में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और क्षतिग्रस्त सड़कों से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का संबंधित विभागों से अनुपालन कराया जाएगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर किरण जैसल, विधायक अनुपमा रावत, विधायक वीरेंद्र कुमार जाति, नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media