Haridwar Kumbh: गंगा तटों पर बसने लगी अस्थायी नगरी, टेंट लगाने की तैयारी

Haridwar Kumbh: हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियां अब धरातल पर नजर आने लगी हैं। गंगा के तटों पर अस्थायी कुंभ नगरी बसाने का काम शुरू हो गया है। पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप क्षेत्रों में टेंट लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन शिविरों में कुंभ की व्यवस्थाओं में तैनात पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के लिए आवास और कार्यालय विकसित किए जाएंगे।

30 से 35 हजार कर्मचारियों के लिए होगी व्यवस्था (Haridwar Kumbh)
कुंभ मेले के दौरान करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती को देखते हुए अलग-अलग सेक्टरों में आवासीय शिविर और कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए पांच हजार से अधिक टेंट लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें स्विस कॉटेज, ईपी टेंट, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ जर्मन हैंगर भी शामिल होंगे।
इन शिविरों में कर्मचारियों के ठहरने के साथ विभागीय कामकाज के लिए भी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand: मतदान केंद्रों की मैपिंग से लेकर जरूरी सुविधाओं तक की दी गई जानकारी
मेलाधिकारी सोनिका ने किया निरीक्षण
गुरुवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप पहुंचकर टेंट स्थापना के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि टेंट और शिविरों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए। कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था पर जोर (Haridwar Kumbh News)
मेलाधिकारी ने शिविर स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के पहुंचने से पहले सभी जरूरी सुविधाएं तैयार होनी चाहिए।
वहीं, अखाड़ों, आश्रमों और धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के शिविर बसाने की तैयारियां भी आगे बढ़ रही हैं। आने वाले महीनों में इन शिविरों के स्थापित होने के साथ हरिद्वार में कुंभ की अस्थायी नगरी का स्वरूप और अधिक स्पष्ट दिखाई देने लगेगा।
