Haridwar: त्योहारों में यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने वालों पर कार्रवाई

Haridwar: त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच मनमाना किराया वसूलने और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न अनियमितताओं में 45 वाहनों के चालान किए गए।

ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा पर रही विशेष नजर (Haridwar)
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी ने टीम के साथ विभिन्न यात्री वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान विशेष रूप से ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा को जांच के दायरे में रखा गया। चेकिंग में ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली, परमिट की शर्तों का उल्लंघन और अन्य यातायात नियमों से संबंधित अनियमितताएं सामने आने पर कुल 45 चालान किए गए।
चालकों को दी गई सख्त हिदायत
कार्रवाई के साथ ही परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों की काउंसलिंग भी की। चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने का फायदा उठाकर उनसे निर्धारित किराये से अधिक वसूली न की जाए। इसके अलावा वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने से बचने की हिदायत दी गई।
यह भी पढ़ें:
विभाग ने चालकों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और सुरक्षित तरीके से वाहन संचालित करने के लिए भी जागरूक किया।
अधिक किराया मांगे तो विभाग से करें शिकायत (Haridwar News)
परिवहन विभाग ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि कोई वाहन चालक निर्धारित किराये से अधिक पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत विभाग से करें। शिकायत करते समय संबंधित वाहन का पंजीकरण नंबर और यात्रा का विवरण सुरक्षित रखना जरूरी है, ताकि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
विभाग का कहना है कि त्योहारी अवधि में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए इस तरह की चेकिंग एवं जागरूकता संबंधी कार्रवाई जारी रहेगी।
