Haridwar: कुंभ-2027 के कामों के लिए बंद गंगनहर अब फिर होगी गुलजार

हरिद्वार

Haridwar: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर बंद की गई ऊपरी गंगनहर का संचालन अब दोबारा शुरू होने जा रहा है। 8 नवंबर की मध्यरात्रि से नहर में शीर्ष स्तर से पानी का संचालन पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश शासन से अनुमति मिल गई है। नहर बंदी के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से गंगनहर और उससे जुड़ी प्रणालियों में निर्माण एवं मरम्मत के कार्य कराए जा रहे थे।

20 अक्टूबर की मध्यरात्रि से बंद थी नहर (Haridwar)

अधिशासी अभियंता, उत्तरी खंड गंगा नहर रुड़की ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश के तहत 20 और 21 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि से ऊपरी गंगनहर का संचालन बंद किया गया था। इस अवधि का उपयोग कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए किया गया।

नहर बंदी के दौरान उत्तराखंड शासन के विभिन्न विभागों की ओर से पुरानी आपूर्ति धारा, नई आपूर्ति धारा, लिंक चैनल, ऊपरी गंगनहर, मायापुर स्केप और सिल्ट इजेक्टर चैनल में निर्माण कार्य कराए जा रहे थे।

नहर के बहाव मार्ग से हटानी होगी निर्माण सामग्री

संचालन दोबारा शुरू होने से पहले संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। अधिशासी अभियंता ने कहा है कि नहर के बहाव मार्ग में निर्माण कार्यों के लिए बनाए गए अस्थायी बंध, डायवर्जन और मिट्टी को समय रहते हटा लिया जाए।

यह भी पढ़ें: Haridwar: त्योहारों में यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने वालों पर कार्रवाई

इसके साथ ही निर्माण सामग्री, मशीनरी, टीएंडपी और श्रमिकों से संबंधित सभी व्यवस्थाएं भी नहर की बेड से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही पर हो सकता है बड़ा हादसा (Haridwar News)

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नहर में पानी का संचालन शुरू होने के बाद किसी भी विभाग की निर्माण सामग्री, मशीनरी या निर्माण कार्य का कोई हिस्सा पानी के बहाव में बाधा नहीं बनना चाहिए। सभी संबंधित विभागों को समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया है, ताकि नहर संचालन शुरू होने पर किसी प्रकार की जान-माल की हानि या अप्रिय घटना न हो।

कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों के बीच अब ऊपरी गंगनहर का संचालन दोबारा शुरू होने से संबंधित विभागों के सामने शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने की चुनौती भी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media