हरिद्वार

Haridwar Kanwar 2026: डीएम और SSP ने लिया कावड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा

Haridwar Kanwar 2026: आगामी कांवड़ मेला-2026 के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

हिल बाईपास सहित अन्य जगहों का किया निरीक्षण (Haridwar Kanwar 2026)

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर तथा नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों के लिए निर्धारित यात्रा मार्ग, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।

यह भी पढ़ें: Haridwar News: जिला कार्यालय सभागार में 100 शिकायतें की गई दर्ज

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग को पूर्णतः सुरक्षित, सुगम एवं गड्ढामुक्त बनाया जाए। जहां कहीं भी मरम्मत अथवा निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित करे।

संवेदनशील स्थलों पर सूचना संकेतक लगाने के निर्देश (Haridwar Kanwar 2026 News)

जिलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन एवं ट्रैफिक प्रबंधन को मेले की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, डायवर्जन एवं सूचना संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संयुक्त रूप से नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों (haridwar news) को युद्धस्तर पर संपादित करते हुए 25 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयबद्धता एवं गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करेगा।

यह भी पढ़ें: Haridwar: समाज सेवा ही रोटरी क्लब की पहचान : डा. विशाल गर्ग

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीवर लाइन निर्माण एवं रिंग रोड परियोजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति लाने तथा गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात संचालन की समुचित कार्ययोजना के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।

मेला व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी दी

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों (haridwar latest news) ने निर्माण कार्यों एवं मेला व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें तथा आपसी समन्वय के साथ शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव,एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार,सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी,उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा,सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह,ट्रैफिक इंस्पेक्टर संदीप, सीपीयू इंचार्ज हितेश,एसएचओ नगर कोतवाली कुंदन सिंह राणा,एसएचओ श्यामपुर नितेश शर्मा सहित एनएचएआई के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media