Haridwar News: हरिद्वार- रुड़की में दूध, मिठाई और पनीर के नमूने लिए गए

हरिद्वार

Haridwar News: दीपावली के दौरान मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार और रुड़की में विशेष जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हुई कार्रवाई में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और दुकानों का निरीक्षण किया गया। मोबाइल फूड लैब से मौके पर जांच के दौरान 73 खाद्य उत्पादों में से 14 निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

दूध, मावा और मिठाई के नमूने जांच को भेजे (Haridwar News)

हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल तीन विधिक नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। जटवाड़ा पुल के पास दुग्ध वाहन से दूध, रामघाट सब्जी मंडी स्थित मावा सप्लायर से मावा और कनखल की मिठाई की दुकान से खोया बर्फी का नमूना लिया गया।

रुड़की में 13 नमूने, तीन कारोबारियों को नोटिस

रुड़की शहर और कैंटोनमेंट क्षेत्र में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और रिटेल प्रतिष्ठानों की जांच की गई। उपायुक्त (लैब) वीरेंद्र सिंह बिष्ट और सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में चले अभियान में मिठाइयों के 12 और पनीर का एक नमूना, कुल 13 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए।

बेकरी उत्पादों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं करने तथा बिना खाद्य लाइसेंस कारोबार करने पर तीन कारोबारियों को मौके पर नोटिस जारी किए गए। विभाग ने विक्रेताओं को उत्पादों पर जरूरी तिथियां स्पष्ट रूप से अंकित करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: Ankita Bhandari Case: सीबीआई कोर्ट में पेश नहीं हुए सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर

मोबाइल लैब ने मौके पर जांचे 73 खाद्य उत्पाद (Haridwar News Today)

अभियान के दौरान मोबाइल फूड लैब से मिठाई, दूध और दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल तथा बेकरी उत्पादों सहित 73 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई। इनमें से 14 उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभागीय टीम ने संबंधित उत्पादों को मौके पर हटवाया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों से दीपावली के दौरान सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ बेचने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media