Vikasnagar News: सनसनीखेज गोलीकांड! एकतरफा प्यार की कहानी
Vikasnagar News: विकासनगर के कल्याणपुर में हुए सनसनीखेज गोलीकांड की शुरुआती जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कमलेश चौहान ने महिला संगीता नेगी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संगीता अस्पताल में भर्ती है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
सुसाइड नोट में सामने आई एकतरफा प्यार की कहानी (Vikasnagar News)
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, सुसाइड नोट में कमलेश ने संगीता के उससे दूरी बनाने का जिक्र किया है। नोट में लिखा गया है कि “अगर तुम मेरी नहीं हुई तो मैं तुम्हें किसी और की भी नहीं होने दूंगा। साथ जिएंगे और साथ मरेंगे।” हालांकि पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की लिखावट की पुष्टि के लिए उसे राइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: Khatima News: मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत
तीन साल पहले हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कमलेश चौहान पहले देहरादून में कारोबार करता था। कोविड के बाद उसने विकासनगर के अस्पताल रोड पर फास्ट फूड रेस्टोरेंट शुरू किया। इसी दौरान संगीता अपने बच्चों के साथ वहां आने लगी, जहां दोनों की पहचान हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कमलेश का संगीता के किराये के घर आना-जाना शुरू हो गया।
परिवार के विरोध के बाद बढ़ी दूरियां (Vikasnagar Crime News)
बताया जा रहा है कि शुरुआत में पड़ोसियों ने दोनों को रिश्तेदार समझा, लेकिन बाद में कमलेश का लगातार घर आना चर्चा का विषय बनने लगा। जब बच्चों और संगीता के पति को इसकी जानकारी हुई तो संगीता ने कमलेश से दूरी बनानी शुरू कर दी। पुलिस का मानना है कि यही दूरी कमलेश को मानसिक रूप से परेशान करने लगी।
कर्ज और कारोबार में नुकसान से बढ़ी हताशा
जांच में यह भी सामने आया है कि फास्ट फूड का कारोबार बंद होने के बाद कमलेश आर्थिक संकट में था और उस पर काफी कर्ज हो गया था। उसका अपनी पत्नी से पहले ही तलाक हो चुका था। ऐसे में वह संगीता पर भावनात्मक रूप से अधिक निर्भर हो गया था। पुलिस का मानना है कि आर्थिक तंगी और रिश्ते में आई दूरी ने उसे हताशा की स्थिति में पहुंचा दिया।
बंद कमरे में हुई वारदात
बुधवार सुबह कमलेश कल्याणपुर स्थित संगीता के घर पहुंचा। उस समय संगीता घर के बाहर कपड़े सुखा रही थी। पुलिस के अनुसार, कमलेश उसे कमरे के अंदर ले गया और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर तक दोनों के बीच तेज बहस हुई, जिसकी आवाज पड़ोसियों ने भी सुनी। इसके बाद लगातार गोलियां चलने की आवाज आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई।
कमलेश की मौत, महिला अस्पताल में भर्ती
कमरे के अंदर कमलेश और संगीता दोनों खून से लथपथ पड़े मिले। पुलिस ने जांच की तो कमलेश की मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता की सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
महिला के बयान का इंतजार (dehradun news)
पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी सच्चाई घायल महिला के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सुसाइड नोट की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है।
बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के बाद संगीता के बच्चे गहरे सदमे में हैं। वे अस्पताल और घर के बीच अपनी मां की एक झलक पाने के लिए परेशान हैं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग अभी भी इस गोलीकांड की चर्चा कर रहे हैं।

