Haridwar News: जिला कार्यालय सभागार में 100 शिकायतें की गई दर्ज
Haridwar News: जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 100 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 55 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनसमस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
भूमि कब्जे और अतिक्रमण के कई मामले (Haridwar News)
लक्सर के गंगदासपुर निवासी राजबीर ने अपनी सहखातेदारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए कब्जा हटाने की मांग की। वहीं, नरेश चौहान और धर्मेंद्र उपाध्यक्ष ने लालढांग क्षेत्र में सरकारी एवं सहकारी समिति की भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की मांग उठाई।
यह भी पढ़ें: Haridwar: समाज सेवा ही रोटरी क्लब की पहचान : डा. विशाल गर्ग
इसके अलावा मनोहरपुर क्षेत्र की राधिका एन्क्लेव और पीताम्बरा एन्क्लेव के निवासियों ने हाईवे और सर्विस रोड निर्माण की मांग की। अलीपुर की दलित बस्ती के लोगों ने जर्जर बिजली पोल और नीचे लटकती विद्युत लाइन से दुर्घटना की आशंका जताते हुए नए पोल लगाने की मांग रखी। वहीं, नारसन क्षेत्र के हरजौली जट निवासी नवाबद्दीन ने घर के सामने कूड़ा डालकर जल निकासी बाधित करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
समयबद्ध समाधान के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। समीक्षा में पाया गया कि 36 दिनों से अधिक समय से कई शिकायतें लंबित हैं। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 509 और एल-2 स्तर पर 157 शिकायतें लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम हुआ आयोजित
हरित हरिद्वार अभियान के तहत बांटे गए फलदार पौधे
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान हरित हरिद्वार एवं हरेला पर्व अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फरियादियों और मीडिया प्रतिनिधियों को फलदार पौधों का वितरण भी किया गया। जिलाधिकारी ने सभी से पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही हरिद्वार को अधिक हराभरा बनाया जा सकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

