हरिद्वार

Haridwar Politics: सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत पर प्रमोद खारी ने लगाए आरोप

Haridwar Politics: उत्तराखंड की राजनीति में रविवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं देवभूमि अधिकार मंच के संयोजक प्रमोद खारी ने पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की। हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने अपने फैसले की जानकारी देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव लकसर सीट से ही लड़ने का ऐलान भी किया।

‘जनता की समस्याओं पर सिर्फ आश्वासन मिला’ (Haridwar Politics)

प्रमोद खारी ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक क्षेत्र की समस्याओं को सरकार और संगठन के समक्ष उठाने का प्रयास किया, लेकिन समाधान के बजाय केवल आश्वासन ही मिलता रहा। उनका कहना था कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं होने से उन्हें यह निर्णय लेना पड़ा।

यह भी पढ़ें: Haridwar: कांवड़ मेले से पहले पंतद्वीप पार्किंग से हटाया गया अतिक्रमण

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत पर भी लगाए आरोप

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रमोद खारी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को स्थानीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष भी रखा गया, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जब जनहित के मुद्दों पर लगातार अनदेखी होती रही और जनता की आवाज़ नहीं सुनी गई, तब उन्होंने दुखी मन से भाजपा छोड़ने का फैसला लिया।

‘पद या टिकट नहीं, जनसेवा मेरी प्राथमिकता’

प्रमोद खारी ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य किसी पद या टिकट की प्राप्ति नहीं, बल्कि जनसेवा है। उन्होंने दावा किया कि लकसर की जनता का उन्हें भरपूर समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त है। इसी विश्वास के साथ वे आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएंगे।

राहुल गांधी के दौरे पर सरकार के रवैये पर उठाए सवाल

प्रेस वार्ता के दौरान प्रमोद खारी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष को अपनी बात रखने और जनता के बीच जाने का पूरा अधिकार है। उनके अनुसार, सरकार को लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना चाहिए।

यह भी पढ़ें: Mansa Devi Video: तीन साल पुराना वीडियो फिर किया वायरल, मंदिर की छवि खराब करने की कोशिश

नमन गोस्वामी ने भी छोड़ी भाजपा (Haridwar Politics News)

इस मौके पर भाजपा से जुड़े नमन गोस्वामी ने भी पार्टी छोड़ने की घोषणा की। इसके बाद लकसर सहित आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

अब अगली नजर प्रमोद खारी के अगले कदम पर

भाजपा से इस्तीफा और चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रमोद खारी आगामी विधानसभा चुनाव किस राजनीतिक दल के साथ लड़ेंगे या निर्दलीय मैदान में उतरेंगे। फिलहाल इसे लेकर उन्होंने स्पष्ट घोषणा नहीं की है, जिससे उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में उत्तराखंड, खासकर लकसर विधानसभा की राजनीति पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media