Haridwar News: उत्तरी हरिद्वार में सड़क के गड्ढों को लेकर हंगामा, लगे के नारे
Haridwar News: उत्तरी हरिद्वार में भागीरथी बिंदु से सप्तऋषि तक गंगा किनारे बने मार्ग के सौंदर्यीकरण और मरम्मत की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों एवं समाजसेवियों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

गंगा पटरी मार्ग लंबे समय से टूटा (Haridwar News)
धरने का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी नितिन यादव यदुवंशी ने कहा कि भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक बना गंगा पटरी मार्ग लंबे समय से टूटा हुआ है। सड़क की खराब स्थिति के कारण रोजाना यहां आने-जाने वाले क्षेत्रवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सुबह और शाम हजारों की संख्या में लोग इस मार्ग पर टहलने के लिए आते हैं। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। टूटी सड़क के चलते कई बार लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: Khatima News: विद्यालय में दिया जा रहा था छात्रों को एक्सपायरी राशन?
सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवा भी इसी मार्ग पर दौड़ लगाते
समाजसेवी मनोज निषाद और कपिल जौनसारी ने कहा कि क्षेत्र में सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवा भी इसी मार्ग पर दौड़ लगाते हैं। सड़क जगह-जगह से टूटी होने के कारण युवाओं को दौड़ने और अभ्यास करने में भी परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की।
क्षेत्र की सड़कें बदहाल स्थिति में (Haridwar News Today)
वहीं समाजसेवी रितेश गौड़ और ओम मलिक पहलवान ने क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और हरिद्वार में सांसद, विधायक, मेयर से लेकर क्षेत्र के वार्ड पार्षद तक भाजपा से हैं। इसके बावजूद क्षेत्र की सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की।
शुभम जोशी और गगन खट्टर ने कहा कि पिछले वर्ष हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से इस मार्ग के सौंदर्यीकरण की बात कही गई थी, लेकिन एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि केवल घोषणा करने के बजाय अब धरातल पर काम शुरू किया जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द भागीरथी बिंदु से सप्तऋषि तक गंगा किनारे बने इस मार्ग का निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान करण पंत, शिवकुमार, लव पांडे, मोनू राजपूत, हरीश पंडित सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और समाजसेवी मौजूद रहे।

