Haridwar: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी

Haridwar: जनपद हरिद्वार में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इससे पहले देशभक्ति गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन (Haridwar News)
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वारवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों ने अपना जीवन बलिदान किया। उन्होंने कहा कि उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा से करना चाहिए।
डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याएं लेकर कार्यालय आए तो उनका बिना भेदभाव और पूरी तत्परता से समाधान किया जाए।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: उत्तरी हरिद्वार में सड़क के गड्ढों को लेकर हंगामा, लगे के नारे
स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जितेंद्र रघुवंशी, भारत भूषण विद्यालंकार, वीरेंद्र गहलोत, अर्जुन सिंह राणा, आशिक कुमार चौहान, कृष्ण गोपाल पंत, सुनीता त्रिपाठी, सरिता नेगी पंवार सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
रेस्क्यू टीम को भी किया सम्मानित
कांवड़ मेला 2026 के दौरान गंगा के तेज बहाव में फंसे श्रद्धालुओं का सफल रेस्क्यू कर उनकी जान बचाने के लिए बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के ग्रुप लीडर सूबेदार कुलविंदर सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए 100 पौधे (Haridwar)
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डीएम मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया। वहीं आपदा प्रबंधन एवं एकुम्स कंपनी के सहयोग से अधिकारियों और कर्मचारियों ने चंदन एवं गुलमोहर के 100 पौधे लगाए।
कार्यक्रम में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस एवं एनडीआरएफ के जवान, स्वतंत्रता सेनानी, राज्य आंदोलनकारी और कलेक्ट्रेट कर्मचारी मौजूद रहे। इससे पहले डीएम ने कैंप कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया।
