Haridwar: कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच 12वें दिन भी जारी रहा स्वच्छता महाअभियान

Haridwar: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन का विशेष स्वच्छता महाअभियान रविवार को 12वें दिन भी जारी रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शहर के विभिन्न गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान टनों कूड़ा और अपशिष्ट सामग्री एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया।

कई घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर चला अभियान (Haridwar)
रविवार को सुभाष घाट, परशुराम घाट, डामकोठी और हरकी पैड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में नगर निगम, आपदा प्रबंधन, जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के कार्मिकों के साथ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने भाग लिया।
यह भी पढ़ें: Haridwar: युवा महोत्सव का रंगारंग आगाज, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया शुभारंभ
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति, भारतीय योग संस्थान, परशुराम अखाड़ा, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और सेतु फाउंडेशन सहित कई संस्थाओं ने सफाई कार्य में सहयोग किया। घाटों और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली का भी इस्तेमाल किया गया। एकत्रित अपशिष्ट को उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को उपलब्ध कराया जा रहा है।
जनसहभागिता से स्वच्छता पर जोर
कुंभ मेला-2027 से पहले गंगा घाटों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील (Haridwar News)
जिला प्रशासन ने आमजन और सामाजिक संगठनों से स्वच्छता महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। लोगों से गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा कपड़े और अन्य अपशिष्ट सामग्री गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराने का आग्रह किया गया है, ताकि उसका उचित निस्तारण हो सके।
प्रशासन के अनुसार, जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
