Haridwar: जलभराव की स्थिति को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

Haridwar: बहादराबाद क्षेत्र के सुमननगर में भारी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में प्रशासन की विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें लगातार मौके पर तैनात हैं और जल निकासी का अभियान युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन के मुताबिक प्रभावित क्षेत्रों में अब तक 65 लाख लीटर से अधिक पानी की निकासी की जा चुकी है।
सुमननगर में प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर (Haridwar)
भारी बारिश के बाद सुमननगर में जलभराव की शिकायतें मिलने पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, कानूनगो, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ और अन्य संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और पानी की निकासी को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
सक्शन मशीन, पंप और जेसीबी से जल निकासी
सुमननगर में जलभराव से निपटने के लिए प्रशासन ने तीन स्तरों पर अभियान चलाया है। सक्शन मशीनों से पानी खींचा जा रहा है, पंप सेट के जरिए जलभराव वाले स्थानों से पानी बाहर निकाला जा रहा है। वहीं, जेसीबी मशीनों की मदद से नालियों की खुदाई और सफाई कर पानी के निकासी मार्ग को सुचारु बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
विशेष रूप से सुमननगर की गली संख्या 3 और 4 में पंप सेट लगाकर लगातार पानी निकाला जा रहा है।
अब तक 65 लाख लीटर से ज्यादा पानी बाहर
प्रशासन के अनुसार पंप सेटों के माध्यम से करीब 35 लाख लीटर, शिविर के माध्यम से लगभग 15 लाख लीटर तथा नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा करीब 15 लाख लीटर पानी की निकासी की जा चुकी है।
इस तरह अब तक कुल लगभग 65 लाख लीटर पानी प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकाला जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जल निकासी का काम अभी लगातार जारी है।
जलभराव पूरी तरह खत्म होने तक निगरानी (Haridwar News)
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव पूरी तरह समाप्त होने तक अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रही हैं और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
भारी बारिश के बीच प्रशासन का फोकस फिलहाल सुमननगर में जलभराव कम करने, जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने और स्थानीय नागरिकों को जल्द राहत पहुंचाने पर है।
