Haridwar News: 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

Haridwar News: मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी के बाद हरिद्वार जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्रहित और बाल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 5 सितंबर 2026, शनिवार को जनपद के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट (Haridwar News)
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 4 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 5 सितंबर को हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए हरिद्वार में येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने संभावित मौसम की स्थिति को देखते हुए स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।
नदी-नालों का बढ़ सकता है जलस्तर
लगातार बारिश की स्थिति में जिले के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में बच्चों को घर से स्कूल आने-जाने के दौरान किसी तरह के जोखिम का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन ने पहले ही शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है।
यह आदेश हरिद्वार जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों पर लागू होगा। इसके साथ ही सभी आंगनवाड़ी केंद्र भी 5 सितंबर को बंद रहेंगे।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी तहसील अधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: Haridwar: राजनीतिक दलों ने की जिला प्रशासन की तारीफ
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय या संबंधित विभाग इस आदेश की अवहेलना करता है, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता (Haridwar News Today)
बारिश और संभावित जलभराव के बीच हरिद्वार जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। अभिभावकों से भी अपील है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
यानी हरिद्वार में 5 सितंबर को बच्चों के लिए स्कूल की छुट्टी रहेगी, लेकिन प्रशासन की नजर मौसम और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर बनी रहेगी।
