Haridwar: महाविद्यालय के लिए भूमि होने के बावजूद निर्माण नहीं

Haridwar: वाल्मीकि चौक स्थित समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने पत्रकार वार्ता कर भूपतवाला स्थित राजकीय महाविद्यालय को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालय के नाम पर छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और वर्षों से महाविद्यालय को लेकर सिर्फ पत्रावलियों में कार्रवाई चल रही है।
महाविद्यालय के लिए भूमि होने के बावजूद निर्माण नहीं (Haridwar)
महंत शुभम गिरी ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध होने के बावजूद अब तक महाविद्यालय का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम बोर्ड में सर्वानंद घाट के पास महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया था, लेकिन इसके बाद भी इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मोहनानंद आश्रम में महाविद्यालय संचालित किया जा रहा है, जबकि जिस स्थान पर महाविद्यालय चल रहा है, वह किसी अन्य की भूमि बताई जा रही है। ऐसे में महाविद्यालय के स्थायी भवन और भूमि को लेकर स्थिति स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है।
छात्रों को अनुपस्थित दिखाकर फेल करने का आरोप (Haridwar News)
महंत शुभम गिरी ने महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को अनुपस्थित दर्शाकर अनुत्तीर्ण किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर विद्यार्थियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की कथित त्रुटियों का खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने सरकार से विद्यार्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने और विश्वविद्यालय स्तर पर हुई त्रुटियों की जांच कराने की मांग की।
Haridwar: रिजल्ट की गड़बड़ी के विरोध में छात्रों के किया प्रदर्शन
’10 साल से सरकार, फिर भी महाविद्यालय की एक ईंट नहीं लगी’
प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल को लेकर भी महंत शुभम गिरी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है, लेकिन इसके बावजूद महाविद्यालय के भवन की एक ईंट तक नहीं लगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर काम जमीन पर दिखाई देने के बजाय सिर्फ सरकारी पत्रावलियों तक सीमित है। उन्होंने सरकार से महाविद्यालय का स्थायी भवन जल्द बनवाने की मांग की।
उत्तरी हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में सुविधाओं की मांग (Haridwar News Update)
पत्रकार वार्ता के दौरान महंत शुभम गिरी ने उत्तरी हरिद्वार के सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की जा रही थी। अस्पताल खोला तो गया, लेकिन वहां पर्याप्त चिकित्सकों की व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल का उपयोग मुख्य रूप से कांवड़ मेले के दौरान ही दिखाई देता है और इसके बाद इसकी व्यवस्थाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।
इमरजेंसी और बर्न वार्ड नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
महंत शुभम गिरी ने कहा कि अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड, बर्न वार्ड और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में कोई आकस्मिक दुर्घटना हो जाए तो मरीज को उपचार के लिए मेला अस्पताल ले जाना पड़ सकता है। हरिद्वार में जाम और अन्य यातायात संबंधी समस्याओं के चलते मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में देरी हो सकती है, जो गंभीर स्थिति में परेशानी बढ़ा सकती है।
उन्होंने शासन और प्रशासन से उत्तरी हरिद्वार के अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकों, इमरजेंसी सुविधाओं और आवश्यक वार्डों की व्यवस्था करने की मांग की। महंत शुभम गिरी ने कहा कि शासन-प्रशासन को कागजी कार्रवाई से आगे बढ़कर जनहित में धरातल पर काम करना चाहिए।
