Haridwar Nagar Nigam: गंगा बंदी के बाद से नगर निगम चला रहा सफाई अभियान

Haridwar Nagar Nigam: कुंभ-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार में गंगा घाटों की सफाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में नगर निगम की ओर से शनिवार को सुभाष घाट पर महा सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक ही दिन में 10 टन से अधिक कूड़ा एकत्रित कर हटाया गया। इस अभियान में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आईटीसी सुनहरा कल संस्था के स्वयंसेवकों ने भी श्रमदान किया।
गंगा बंदी के बाद से चल रहा सफाई अभियान (Haridwar Nagar Nigam)
नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखना है। नगर आयुक्त के अनुसार, गंगा बंदी के बाद से ही नगर निगम की ओर से घाटों और आसपास के इलाकों में लगातार सफाई कराई जा रही है। सुभाष घाट पर चलाए गए अभियान में बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्रित कर हटाया गया।
स्वयंसेवकों ने भी किया श्रमदान
सफाई अभियान में आईटीसी सुनहरा कल संस्था की ओर से डॉ. पंत और उनकी टीम ने भागीदारी की। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सफाई कार्यों में सहयोग किया। अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, सहायक नगर आयुक्त सुनील मेहर, प्रशांत पांडेय और गौरव कुमार सहित मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा तथा सफाई निरीक्षक अनिल कुमार और आकाश कुमार मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: Haridwar: 60 बालिकाएं सम्मानित, CDO ने मेहनत और अनुशासन का दिया संदेश
कुंभ से पहले स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने पर जोर (Haridwar Nagar Nigam News)
आगामी कुंभ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम घाटों की सफाई और कूड़े के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दे रहा है। विभाग के अनुसार, गंगा घाटों की नियमित सफाई के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि कुंभ की तैयारियों के तहत स्वच्छता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
