Haridwar: जिला सैनिक परिषद की बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं पर हुई चर्चा

Haridwar: पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला सैनिक परिषद की वर्ष 2026 की चतुर्थ त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। रोशनाबाद स्थित जिला कार्यालय सभागार में जिला विकास अधिकारी केके पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए गए।

लालढांग में अतिक्रमण और बिजली कटौती का मुद्दा उठा (Haridwar)
बैठक में लालढांग क्षेत्र की समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, लगातार बिजली कटौती की समस्या को गंभीरता से लेते हुए यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को फोन पर समस्या के समाधान के लिए कहा गया।
इसके अलावा चमरिया (लालढांग) क्षेत्र में हर घर नल योजना के तहत पेयजल सुविधा की वास्तविक स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश जल संस्थान के सहायक अभियंता को दिए गए।
शहीद स्मारक के लिए भूमि और पिनकोड परिवर्तन पर चर्चा
बैठक में शहीद स्मारक के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने, लालढांग क्षेत्र के पिनकोड में बदलाव और अवैध निर्माण से जुड़े मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाने में बैठक आयोजित करने का विषय भी उठाया गया।
यह भी पढ़ें: Haridwar: हरिद्वार में सरकारी योजनाओं की निगरानी होगी आसान
वहीं, चकमार्ग संख्या 1302 और 1412 से अतिक्रमण हटाने की मांग पर प्रभारी उपजिलाधिकारी, हरिद्वार को फोन के माध्यम से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
पिछली बैठक के फैसलों की भी हुई समीक्षा (Haridwar News)
बैठक के दौरान पिछली त्रैमासिक बैठक में उठाए गए मुद्दों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर कर्नल डीबी राय, स्टेशन मुख्यालय रुड़की, जल संस्थान के सहायक अभियंता सुब्रत सिंह सहित पूर्व सैनिक और ब्लॉक प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार (सेवानिवृत्त) ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
